झरिया । झरिया थाना क्षेत्र के मानबाद के रहने वाले दीपक धीवर ( 26 वर्ष ) का शव एम्बुलेंस में लेकर सोमवार 19 जून की शाम मानबाद क्षेत्र की दर्जनों महिलाएं व पुरुष झरिया थाना पहुंच मृतक के लिए मुआवजे की मांग करने लगे। झरिया थाना में मौजूद पुलिसकर्मियों ने वहाँ मौजूद लोगों को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन किसी ने पुलिसकर्मियों की एक ना सुनी। मुआवजा की मांग कर लोग झरिया थाना के प्रवेश द्वार के समक्ष बीच सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों द्वारा सड़क जाम होता देख झरिया थाना में मौजूद पुलिस अधिकारियों ने सूझ- बूझ के साथ मुआवजे की मांग कर रहे मृतक दीपक धीवर के परिजनों व लोगों को समझा- बुझा कर सड़क खाली करवाया।

जिसके बाद परिजन शव को अपने साथ लेकर चले गए। घटना के संबंध में बताया जाता है कि दीपक धीवर एक माह पूर्व मुंबई के कल्याण जिले में काम करने गया था। वही 17 जून को कंपनी में काम करने वाले लोगों द्वारा दीपक के परिजनों को उसकी आकस्मिक निधन की खबर दी गई ।बताया गया कि अत्यधिक शराब का सेवन करने के कारण दीपक छत से गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि दीपक धीवर काफी गरीब परिवार का है और उसके तीन छोटे बच्चे है । जिस कंपनी में काम करता था वहाँ से भी उसके परिजनों को कोई मुआवजा नही मिला है यही कारण है कि स्थानीय लोगों द्वारा झरिया पुलिस प्रशासन से मुआवजे की मांग की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *