रांची । चेक बाउंस मामले में फिल्म जगत की मशहूर अभिनेत्री अमीषा पटेल ने रांची सिविल कोर्ट में सरेंडर किया जिसके बाद उन्हें बेल मिल गई । शनिवार को अभिनेत्री अमीषा पटेल ने रांची सिविल कोर्ट के सिविल जज सीनियर डिविजन डीएन शुक्ला की कोर्ट में सरेंडर किया । कोर्ट ने 10 हजार के दो बेल बॉन्ड पर जमानत प्रदान की । दरअसल , अमीषा पटेल के खिलाफ रांची सिविल कोर्ट से वारंट जारी किया था । यह वारंट झारखंड के फिल्म निर्माता अजय कुमार सिंह की ओर अमीषा पटेल व उनके बिजनेस पार्टनर कुणाल ग्रूमर के खिलाफ दाखिल चेक बाउंस , धोखाधड़ी और धमकी मामले में किया गया था । जब जारी समन पर फिल्म अभिनेत्री कोर्ट नहीं पहुंची तो अदालत ने वारंट जारी किया था । बता दें कि अरगोड़ा निवासी अजय कुमार सिंह ने 17 नवंबर 2018 को सीजेएम कोर्ट में मामला दर्ज कराया था जिसमें आरोप लगाया गया कि म्जूयिक मेकिंग के नाम पर अमीषा पटेल ने अजय कुमार सिंह से ढाई करोड़ रुपये लिए । लेकिन राशि लेने के बाद फिल्म अभिनेत्री ने म्यूजिक मेकिंग की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया साथ ही अमीषा पटेल पर फिल्म देसी मैजिक बनाने के नाम पर अजय सिंह से ढाई करोड रुपये ऐंठने का भी आरोप है । दोनों पक्षों के बीच हुए एकरारनामा के अनुसार जब फिल्म जून 2018 में रिलीज नहीं हुई तो अजय ने पैसे वापस करने की मांग की टालमटोल के बाद अक्तूबर 2018 में ढाई करोड़ एवं 50 लाख रुपए के दो चेक दिए । जो बाउंस हो गए, फिर अजय सिंह ने केश किया था ।
