झारखंड । सरायकेला-खरसावां जिला के राजनगर थाना क्षेत्र स्थित खैरबनी गांव के पास गुरुवार सुबह मजदूरों से भरी पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलटने से 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। 8 की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि पिकअप की रफ्तार ज्यादा थी। इसकी वजह से ये मौतें हुई है।
घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। पिकअप वैन में करीब 20 मजदूर सवार थे, जो चाईबासा से जमशेदपुर की ओर जा रहे थे। सभी घायलों को इलाज के लिए राजनगर सामुदायिक केंद्र लाया गया। मजदूरों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जमशेदपुर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल राजनगर थाना पुलिस राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है।
इस घटना पर सीएम हेमंत सोरेन ने दुःख जताते हुए कहा है, ‘सरायकेला-खरसावां में सड़क हादसे में 7 लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। जिला प्रशासन की देखरेख में हादसे में घायल हुए अन्य लोगों का इलाज कराया जा रहा है। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे।’