जोरापोखर। जामाडोबा-पुटकी मार्ग पर आबो देवी पेट्रोल पम्प के निकट स्थित एक मैरेज हॉल के स्वामित्व और कब्जे को लेकर विवाद गहरा गया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर धोखाधड़ी, कब्जा, मारपीट और रंगदारी का आरोप लगाते हुए जोड़ापोखर थाने में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस दोनों आवेदनों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

पहला आवेदन न्यू कॉलोनी डिगवाडीह नंबर 10 दुर्गा मंदिर के पास का निवासी संजय कुमार सिंह ने दिया है।

उन्होंने अखिलेश कुमार सिन्हा और उनके पुत्र सुजीत कुमार सिंह, क्वार्टर नं. 17/24, न्यू कॉलोनी डिगवाडीह नं. 10 को आरोपी बनाया है।

आवेदन में कहा है कि जनवरी 2020 में दोनों ने उन्हें एक मकान 15 लाख रुपये में बेचने का प्रस्ताव दिया। 10 जनवरी 2020 को संजय ने 51 हजार रुपये अग्रिम दिया। आरोपियों ने मार्च 2020 में रजिस्ट्री का आश्वासन दिया, लेकिन कागजात दुरुस्त न होने की बात कहकर उन्हें उसी जमीन पर मैरेज हॉल बनाने को कहा।

संजय का दावा है कि इस आश्वासन पर उन्होंने पुराना मकान तोड़कर करीब 50 लाख रुपये खर्च कर मैरेज हॉल बनाया। बाद में 10 साल का एकरारनामा बना और 15,000 रुपये मासिक किराया तय हुआ, जो उन्होंने जून 2022 से जून 2023 तक नकद और जुलाई 2023 से अगस्त 2026 तक फोन पे पर दिया।

आरोप है कि हॉल अच्छा चलता देख 15 सितम्बर 2026 की रात 8:30 बजे सुजीत कुमार सिंह तीन अन्य लोगों के साथ हॉल पर आए, 30 लाख रुपये रंगदारी की मांग की, ताला तोड़कर अपना ताला लगा दिया और हॉल में रखा सामान, कार और बाइक कब्जे में ले ली। फिर 6 अक्टूबर को शाम के करीब 6 बजे घर आकर दोबारा 30 लाख की मांग और जान से मारने की धमकी दी।

वहीं दूसरा आवेदन डिगवाडीह नंबर 10 न्यू कॉलोनी निवासी पूर्व पार्षद सुजीत कुमार सिंह ने दिया है।

सुजीत का कहना है कि उक्त मैरेज हॉल उनका निजी है। उन्होंने अपने पड़ोसी और रिश्तेदार संजय कुमार सिंह के कहने पर उनकी पत्नी किरण सिंह, को मार्च 2024 में धनबाद नोटरी पब्लिक से एग्रीमेंट बनाकर 15,000 रुपये मासिक किराए पर 10 वर्षों के लिए दिया था।

तीन माह पूर्व शिकायत मिली कि हॉल में संजय के पुत्र अनिकेत रंजन, असामाजिक तत्वों के साथ शराब व अन्य नशा करते हैं। 15 सितम्बर 2026 को शाम में उनके पिता अखिलेश सिन्हा हॉल पर पहुंचे तो वहां नशेड़ियों का जमावड़ा था। पूछने पर अनिकेत ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि यह हॉल मेरा है। साथ ही मकान में तोड़फोड़ करने और लोगों के बीच हॉल खरीदने की बात कहकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।

सुजीत का आरोप है कि एग्रीमेंट के नाम पर उनकी संपत्ति पर अवैध कब्जे की कोशिश की जा रही है और उनकी बहन काजल कुमारी, जो वर्तमान में वार्ड नंबर 40 की पार्षद हैं, को पोस्टर-बैनर लगाकर बदनाम किया जा रहा है। इसलिए उन्होंने हॉल में ताला जड़ दिया।

इसके बाद 20 सितम्बर 2026 को रात 10 बजे जब सुजीत आजाद नगर स्थित अपने कारखाने में ताला बंद कर घर लौट रहे थे, तो पेरलाबांध ग्राउंड के पास तीन मोटरसाइकिल पर सवार संजय कुमार सिंह, उनके पुत्र अनिकेत रंजन सहित 8-9 युवकों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज, धक्का-मुक्की की और शर्ट के पॉकेट से 800 रुपये छीन लिए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।

जोरापोखर पुलिस का कहना है दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए है। एक पक्ष इसे जमीन बेचने के नाम पर 50 लाख की धोखाधड़ी और 30 लाख रंगदारी का मामला बता रहा है, तो दूसरा पक्ष इसे किराएदार द्वारा संपत्ति हड़पने और छिनतई-मारपीट का मामला बता रहा है।

जोड़ापोखर पुलिस ने दोनों आवेदनों के आधार पर जोरापोखर थाना कांड संख्या 122/26 और 123/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *