जोरापोखर। जामाडोबा बाजार में शाम के समय हाइवा के कारण लगने वाले जाम और हादसों को लेकर सांसद प्रतिनिधि गफ्फार अंसारी ने जिला प्रशासन को पत्र लिखा है। उन्होंने उपायुक्त धनबाद, एसएसपी और जोड़ापोखर थाना प्रभारी से शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक हाइवा के परिचालन पर रोक लगाने की मांग की है।

अपने पत्र में सांसद प्रतिनिधि ने कहा है कि जामाडोबा बाजार घनी आबादी वाला व्यस्त बाजार है। शाम के समय जीतपुर पेटिया, तिवारी बस्ती, कालीमेला, भुतगढ़िया सहित कई क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए यहां आते हैं। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व नजदीक होने से बाजार में भीड़ और बढ़ेगी, ऐसे में भारी वाहनों के प्रवेश से स्थिति और बिगड़ सकती है।

उन्होंने कहा कि भौंरा-जामाडोबा मुख्य मार्ग पर संध्या के समय तेज रफ्तार हाइवा के कारण कई बार सड़क हादसे हो चुके हैं। रोजाना घंटों जाम लगने से यातायात ठप हो जाता है।

गफ्फार अंसारी ने बताया कि इसी मार्ग से जामाडोबा टाटा अस्पताल जुड़ा है। बाजार में जाम के कारण मरीजों और एंबुलेंस को अस्पताल पहुंचने में भारी परेशानी होती है, जो गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने जनहित में त्योहारी सीजन को देखते हुए प्रशासन से तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *