धनबाद । महाशिवरात्रि के अवसर पर बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के बिराजपुर गांव में आयोजित मेले में सोमवार की रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हथियार के साथ घूम रहे दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ कर उनकी धुनाई कर दी। जानकारी के अनुसार, उदयपुर निवासी प्रदीप साव और कृष्णा साव मेले में हथियार लेकर घूम रहे थे। वहीं, जब मेले में ऑर्केस्ट्रा शुरू हुआ तो दोनों युवक हथिया लहराते हुए लोगों के साथ बदतमीजी करने लगे। दोनों युवक एक बड़े नेता का नाम लेकर लोगों को धमका रहे थे, जिससे मेले में दहशत का माहौल बन गया।
इनकी दबंगई को देख आक्रोशित स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को मौके पर ही पकड़ कर इनकी जम कर धुनाई कर दी। और बाद में दोनों युवकों को हथियार के साथ पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं भीड़ से पीटने के बाद दोनों युवक मेला घूमने आने की बात कहते हुए अपने साथ लाए गए हथियार को नकली बता रहे है। फिलहाल यह हथियार असली है या नकली, इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच कर रही है।
