धनबाद । धनबाद के एशियन जालान अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। मृतका किरण देवी (निवासी सरायढेला) को करीब एक सप्ताह पहले प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन शनिवार को बच्चे के जन्म से पहले ही महिला की मौत हो गई।

परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही, मरीज की हालत छिपाने और पैसों के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों ने पहले ऑपरेशन की बात कही, लेकिन बाद में पेट “सेंसलेस” होने का हवाला देकर ऑपरेशन से इनकार कर दिया और नॉर्मल डिलीवरी का प्रयास किया गया।

परिजनों का आरोप है कि पिछले 36 घंटों तक इलाज को टालते रहे डॉक्टर, स्थिति गंभीर होने के बावजूद किसी सीनियर डॉक्टर को नहीं बुलाया गया। जब डिस्चार्ज की बात आई, तभी अचानक मरीज की हालत बिगड़ने की बात कहकर उसे आईसीयू में शिफ्ट किया गया, जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
सबसे गंभीर आरोप यह है कि मरीज की हालत नाजुक होने के बावजूद अस्पताल प्रबंधन की ओर से 50,000 जमा करने का दबाव बनाया गया। इससे नाराज परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया।

घटना की सूचना पर पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह अस्पताल चैरिटी के उद्देश्य से बना था, लेकिन यहां गरीब मरीजों से पैसे के लिए दबाव बनाना गलत है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने और आगे ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए प्रबंधन से बात करने का आश्वासन दिया।

फिलहाल पुलिस मौके पर मौजूद है और स्थिति को नियंत्रण में रखने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *