बलियापुर । मंगलवार को बलियापुर थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हुआ । मामले को लेकर बताया जाता है कि रानी रोड पर एक तेज रफ्तार एक्सयूवी कार और पल्सर बाइक की जोरदार टक्कर हो गई । इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है । घायल युवक की पहचान जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के जामाडोबा (बाबूबासा) निवासी लगभग 25 वर्षीय धीरज कुमार के रूप में हुई । धीरज पेशे से एक लोन रिकवरी एजेंट है । प्रत्यक्षदर्शियों और आमटाल मुखिया संजय कुमार के अनुसार, XUV कार एक स्कूल शिक्षिका को छोड़कर वापस लौट रही थी । इसी दौरान रानी रोड के समीप विपरीत दिशा से आ रही पल्सर बाइक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई ।टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये । हादसे में धीरज कुमार का पैर टूट गया और उन्हें शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं ।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई ।ग्रामीणों की सहायता से घायल युवक को तत्काल धनबाद के एसएनएमएमसीएच अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है । घटना की सूचना मिलते ही बलियापुर थाना के एएसआई अनिल कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंचे हैं । पुलिस दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है ।
