धनबाद । गोंदुडीह ओपी क्षेत्र के भोलेनाथ बसरिया चार नंबर दुर्गा मंदिर के पास गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक घटना घटी। छोटू यादव की सात वर्षीय बेटी राधिका कुमारी सुबह करीब 6:30 बजे शौच के लिए बाहर गई थी, तभी अचानक कुछ आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। घटना के बाद घायल बच्ची को आनन-फानन में धनबाद के एसएनएमएमसीएच अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों ने उसे रांची रिम्स रेफर कर दिया है।
राधिका के पिता छोटू यादव ने बताया कि लगभग 60% घरों में बाथरूम नहीं है, जिसके कारण लोग खुले में शौच करने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा हाल ही में रात में बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते छोड़े गए, जिससे इलाके के लोग भयभीत हैं और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
