कुमार अजय

धनबाद। मंगलवार सुबह तेतुलमारी और राजगंज थाना क्षेत्र के संयुक्त अभियान में पुलिस ने जमशेदपुर के कुख्यात अपराधी भानु मांझी को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। यह घटना शक्ति चौक के समीप तिलाटांड में सुबह करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है। पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान अपराधी को पकड़ने गई थी, तभी भानु मांझी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और बाइक से भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया।

घटना के बाद पुलिस ने घायल अपराधी को धनबाद के अशर्फी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। सूचना मिलते ही एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी और बाघमारा एसडीपीओ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि भानु मांझी जमशेदपुर का कुख्यात अपराधी है, जो भगोड़ा अपराधी प्रिंस खान का सहयोगी बताया जा रहा है। वह फिरौती, हत्या और फायरिंग जैसे कई मामलों में शामिल रहा है। उन्होंने कहा कि 9 सितंबर को राजगंज पेट्रोल पंप फायरिंग के मामले में भी उसका नाम सामने आया था, जिसके बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश में थी।

पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक, हथियार और खून से सनी चप्पल बरामद की है। मौके पर जांच जारी है और विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद साझा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *