झरिया । अलकडीहा ओपी क्षेत्र के पहाड़ीगोड़ा में शुक्रवार की शाम को सुरंगा निवासी बाइक सवार 54 वर्षीय भुलेश्वर कुंभकार ने असंतुलित होकर राधू महतो की 40 वर्षीय पत्नी बसंती देवी को धक्का मारकर घायल कर दिया। जबकि दुर्घटना में बाइक से गिरकर भूलेश्वर भी गंभीर रूप से घायल हो गया जिसकी एसएनएमसीएच धनबाद में इलाज के दौरान मौत हो गई है । वही बाइक दुर्घटना में बसंती देवी का पैर टूट गया है,जिसे बलियापुर स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले को लेकर दोनो पक्षों ने अलकडीहा ओपी में एक दुसरे के खिलाफ लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग किया है। घटना को लेकर मृतक के पुत्र राजू कुंभकार ने अपनी शिकायत में कहा है कि घटना की सूचना मिलने के बाद वह अपनी मां के साथ मोटरसाइकिल से जब वह घटनास्थल पर पहुंचा तो वहां उसके पिता भूलेश्वर को राधू महतो और उसका पुत्र बेरहमी से मारपीट करते देखा जिसके कारण उसके पिता की मौत होने का आरोप उसने लगाया है। घटना के बाद अवर निरीक्षक अजय महतो तत्काल मौके पर पहुंचकर मृतक भूलेश्वर की मोटरसाइकिल को जब्त कर शव को पोस्टमार्ट के लिए भेज दिया है। घटना के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक राधू महतो अपनी पत्नी बसंती देवी के साथ बकरी चराकर अपने घर आ रहा था। इस दौरान मृतक भूलेश्वर बालू चिरका बस्ती की ओर से बाइक से आ रहा था। इस क्रम में रास्ता खराब होने के चलते भूलेश्वर असंतुलित होकर बाइक से राधू की पत्नी बसंती देवी को धक्का मारकर सड़क पर गिर गया। जिसमें बसंती और भूलेश्वर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना भूलेश्वर के साथी फरकू महतो ने उसके परिजनों को दिया । जिसके बाद भूलेश्वर के पत्नी एवं पुत्र राजू कुंभकार ने तुरंत उसे धनबाद अस्पताल में भर्ती कराया जहां भूलेश्वर की मौत हो गई है। मृतक आउटसोर्सिंग परियोजना में काम करता था । घटना को लेकर मृतक की पत्नी मंजू देवी,पुत्री लक्ष्मी कुमारी,पूजा कुमारी ,प्रियंका कुमारी तथा पुत्र राजू और और राजा का रो रोकर बुरा हाल हो गया है।
