झरिया । 12 मई अंतरराष्ट्रीय नर्सेज डे के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा मातृ सदन अस्पताल में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर नर्सों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर मंच के सदस्यों ने अस्पताल में कार्यरत नर्सों को सम्मान पत्र भेंट कर उनके सेवा भावना को नमन किया।
इस कार्यक्रम में मारवाड़ी सम्मेलन, झरिया के अध्यक्ष श्री राजकुमार अग्रवाल बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “नर्से केवल मरीजों की देखभाल नहीं करतीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य, करुणा और सेवा भावना की मिसाल पेश करती हैं। उनका योगदान समाज के लिए अमूल्य है और उन्हें सम्मानित करना हमारा नैतिक कर्तव्य है।”
मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा के अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने कहा कि नर्से स्वास्थ्य सेवा की रीढ़ होती हैं। वे दिन-रात मरीजों की सेवा में तत्पर रहती हैं और समाज के लिए एक प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि कोविड काल में नर्सों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण रही, जब उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना सेवा दी।
कार्यक्रम संयोजक श्रीमती नीतू अग्रवाल ने कहा, “नर्से निस्वार्थ सेवा की जीती-जागती मिसाल हैं। वे हर परिस्थिति में मरीजों का साथ देती हैं और एक परिवार की तरह उनका ख्याल रखती हैं। आज का यह कार्यक्रम उन्हें एक छोटा-सा धन्यवाद कहने का प्रयास है।”
पूर्व अध्यक्ष श्री विवेक लिल्हा ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा, “नर्सों की भूमिका समाज में केवल एक पेशेवर कर्मी की नहीं, बल्कि एक सच्चे मानव सेवक की होती है। वे न केवल मरीजों की देखभाल करती हैं, बल्कि उन्हें मानसिक संबल और भावनात्मक शक्ति भी प्रदान करती हैं। नर्से वह अदृश्य शक्ति हैं जो चिकित्सा व्यवस्था को जीवित रखती हैं। उनका सम्मान कर हम अपने मानवीय मूल्यों को भी सम्मानित कर रहे हैं।”
मंच के सचिव श्री दीपक अग्रवाल ने अपने वक्तव्य में कहा, “नर्सों की सेवा भावना हमें सिखाती है कि करुणा और समर्पण से हर मुश्किल को आसान बनाया जा सकता है। मंच का प्रयास है कि समाज के ऐसे स्तंभों को निरंतर प्रोत्साहन मिलता रहे।”
कोषाध्यक्ष श्रीमती किरण शर्मा ने कहा, “नर्सों का धैर्य और सहनशीलता अनुकरणीय है। वे परिवार से दूर रहकर अनगिनत लोगों को स्वस्थ जीवन देने में जुटी रहती हैं। हम उनके प्रति आभार व्यक्त करते हैं।”
इस अवसर पर मंच के संयुक्त सचिव सन्नी अग्रवाल, गौतम अग्रवाल एंव अन्य पदाधिकारी , सहित कई सदस्य जैसे अनूप नोताका, पूनम तुलस्यान, कविता अग्रवाल, अनुप नोताका, उपस्थित रहें। अस्पताल प्रबंधन ने इस सराहनीय पहल के लिए मंच का आभार जताया और नर्सों ने भी इस सम्मान को अपने कार्य के प्रति प्रेरणा देने वाला बताया।
