निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में पार्टी राज्य भर में परिवर्तन संकल्प यात्रा निकालने जा रही है, जिसका उद्देश्य राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जनजागरण करना और आगामी चुनावों में पार्टी के लिए माहौल तैयार करना है। शुक्रवार को जामताड़ा भाजपा जिला मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के कई प्रमुख नेता , जिला पदाधिकारी जिला मोर्चा के अध्यक्ष, महामंत्री ,मंडल अध्यक्ष, पूर्व जिला अध्यक्ष ,प्रदेश कार्य समिति सदस्य ,पंचायत समिति सदस्य ,जिला परिषद सदस्य प्रमुख, जिला परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष नगर निकाय के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष वार्ड सदस्य विधानसभा प्रभारी प्रवासी एवं विस्तारक सहित तमाम प्रमुख लोग सम्मिलित हुए।
इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्येंद्र सिंह ने शिरकत की। उन्होंने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में मौजूदा सरकार विकास के मोर्चे पर विफल रही है, और जनता अब बदलाव की ओर देख रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि परिवर्तन संकल्प यात्रा के जरिए भाजपा जनता के मुद्दों को सरकार के सामने मजबूती से उठाएगी और पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता को बीजेपी की नीतियों और विकास के प्रति प्रतिबद्धता से अवगत कराएंगे।
बैठक में प्रमुख रूप से उपस्थित भाजपा नेता वीरेंद्र मंडल ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “यह समय संघर्ष और मेहनत का है। हमें राज्य के हर कोने में जाकर लोगों को बीजेपी के पक्ष में संगठित करना है। हमारी पार्टी ने हमेशा विकास को प्राथमिकता दी है, और यही संदेश हमें जनता तक पहुंचाना है।”
बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने चुनावी तैयारी के लिए पूरी लगन और समर्पण के साथ काम करने का संकल्प लिया। मौके पर मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष, पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल, माधव चंद्र महतो, प्रवीण प्रभाकर, मनीष दुबे, दुबराज मंडल, मितेश शाह , किरण बेसरा, आभा आर्या सहित तमाम भाजपा पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।
