निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । आज दिनांक 25 अगस्त को प्रखंड कार्यालय प्रकोष्ठ, नारायणपुर में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा कुमुद सहाय की अध्यक्षता में प्रखंड अंतर्गत शहरपुर पंचायत के पिठवाडीह में दो पक्षों में शव दफनाने को लेकर उत्पन्न हुए विवाद के संबंध में त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं दोनो पक्ष के लोगों के साथ बैठक आयोजित किया गया।
बैठक के दौरान उपायुक्त कुमुद सहाय ने घटना के संबंध में दोनो पक्षकारों से बारी बारी से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया। जिसमें दोनों पक्षों ने अपने अपने दस्तावेज प्रस्तुत कर अपनी समस्याओं को रखा।
उपायुक्त द्वारा इस संबंध में सर्वसम्मति से दोनो पक्षों के साथ विचारोपरांत माननीय न्यायालय जाने का सुझाव दिया, साथ ही दोनो पक्षों से शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में रहने के लिए अपील किया। उन्होंने दोनो पक्षों से कहा कि कोई भी स्थिति हो, आपस में झगड़ा नहीं करना है। उन्होंने समाज में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु आपसी प्रेम सद्भाव एवं भाईचारा बनाकर रखने हेतु अपील किया साथ ही उपायुक्त ने कहा की कोई भी शांति व्यवस्था भंग करने का कार्य करेंगे वैसे लोगों को किसी भी हालत में बक्शा नहीं जायेगा।
वहीं उपायुक्त के पहल पर दोनो पक्ष आपसी विद्वेष को भुलाकर एक दूसरे से गले मिले और हाथ मिलाया।
ज्ञातव्य हो कि नारायणपुर थाना क्षेत्र के शहरपुर पंचायत के पिठुवाडीह गांव स्थित एक पुरातन पतित जमीन में शव दफनाने को लेकर दिनांक 24.08.2024 को दो पक्ष के लोग विवादित जमीन में शव दफनाने को लेकर विवाद हो गया। जिसकी सूचना मिलने पर प्रशासन घटनास्थल पर दोनों पक्षों के लोगों को समझा-बुझाकर तत्काल मामला को शांत कराया गया।मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लांगुरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, नारायणपुर मुरली यादव, अंचल अधिकारी जामताड़ा अबिश्वर मुर्मू सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।
