झरिया । लोदना एरिया 10 अंतर्गत कुजामा परियोजना में कार्यरत एटी देवप्रभा आउटसोर्सिंग कंपनी के ठेकाकर्मी नंदन यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई. नंदन शनिवार को गर्म ओबी में पानी का छिड़काव कर रहा था. इस दौरान अचानक गोफ बन गया और नंदन गोफ मे समा गया. घटनास्थल पर मौजूद अन्य कर्मियों ने आनन- फानन में उन्हें गोफ से बाहर निकाल कर बेहतर इलाज के लिए अशर्फी अस्पताल में भर्ती कराया था. घटना की सूचना मिलने के बाद झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह अस्पताल पहुँची जहां उन्होंने पीड़ित परिवार को ढाढ़स बंधाया तथा डॉक्टरों से बात कर समुचित इलाज की व्यवस्था करवाई थी.
लेकिन अत्याधिक जल जाने की वजह से डॉक्टर पीड़ित को नहीं बचा पाए और देर रात नंदन यादव की इलाज के क्रम में मृत्यु हो गई. दिवंगत के परिवार को विधायक ने विपदा की इस घड़ी में सँभाला और मृतक का एसएनएमएमसीएच में रविवार को पोस्टमार्टम करवाया. साथ ही बीसीसीएल प्रबंधन और आउटसोर्सिंग कंपनी के संवेदक से वार्ता कर मृतक के परिवार के दो आश्रितों को नियोजन तथा 20 लाख रुपये बतौर मुआवज़ा पीड़ित परिवार को अस्पताल में सुपुर्द किया. यही नही अंतिम संस्कार हेतु सहयोग व मृतक के पैतृक गांव बेगुसराय (बिहार) जाने के एंबुलेंस और वाहन की व्यवस्था करवाई .
