हर टेबल पर होता है कमीशन का खेल: रेणु देव
रामावतार स्वर्णकार
हजारीबाग/इचाक । जिले के इचाक प्रखंड सह अंचल कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार, अफसरों की मनमानी एवं मनरेगा में बीडीओ एवं सीओ की दखल अंदाजी से तंग होकर प्रखंड के 19 पंचायत के मुखिया का प्रखंड मुख्यालय के समक्ष अनिश्चित कालीन धरना चौथे दिन भी जारी रहा। अध्यक्षता मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष सकेंद्र प्रसाद मेहता और मंच संचालन मुखिया प्रतिनिधि ओमप्रकाश मेहता ने किया। धरना का समर्थन देने गुरुवार को कांग्रेस महिला मोर्चा की प्रदेश सचिव रेणु देवी, जिप सदस्य रेणु देवी और जेबीकेएसएस के नेता एवं कार्यकर्ता भी धरना स्थल पहुंचे एवं आंदोलन का समर्थन किया। जिप सदस्य रेणु देवी ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था में अधिकारियों के द्वारा पंचायत प्रतिनिधियों का अधिकार का हनन करना अनुचित है। प्रखंड सह अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार चरम पर है।
उपायुक्त को सूचना देने के बाद भी सार्थक पहल नहीं किया जाना दुर्भाग्य पूर्ण है। कांग्रेस महिला मोर्चा की प्रदेश सचिव रेणु देवी ने कहा कि हर टेबल पर चलता है कमीशन का खेल। बगैर बाबुओं के जेब गरम हुए एक भी फाइल अपनी जगह से खिसकता नहीं है। प्रखंड कार्यालय में फैले इस कुव्यवस्था से आम आदमी काफी परेशान है। जेबीकेएसएस नेता रविशंकर यादव ने कहा बीडीओ सीओ की मनमानी अब नहीं चलेगी। आचरण एवं कार्यशैली में सुधार नहीं होता है तो हमारा संगठन उग्र आंदोलन कर जनहित में कार्य करेगा। उपप्रमुख सत्येंद्र कुमार ने कहा बीडीओ का ट्रांसफर होना समस्या का समाधान नहीं बल्कि कुव्यवस्था में सुधार लाना जरूरी है। जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार मेहता ने कहा कि जब तक मनरेगा के सारे कार्य पंचायत सचिवालय में नहीं किया जाता और सात सूत्री मांग पूरा होता मुखिया संघ का आंदोलन जारी रहेगा।
हाल ही में जेबीकेएसएस में शामिल हुए युवा नेता गौतम कुमार ने भ्रष्ट अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अधिकारी अगर अपनी मनमानी से बाज नहीं आए तो हमारा संगठन उग्र आन्दोलन को बाध्य होगा। इसके अलावा धरना को उदय मेहता, प्रमुख प्रतिनिधि सिकंदर दास, मुखिया सुनीता देवी, मीना देवी, पत्रकार अनिल कुमार, पूर्व मुखिया इंद्रदेव मेहता, मंजू देवी ने भी संबोधित किया। धरना में मुखिया किरण देवी, मोदी कुमार, उमेश प्रसाद, निशु कुमारी, संगीता देवी, काजल देवी, अशोक राम, सिकंदर राम, सीता देवी, सिकंदर राम, सुनीता देवी, नंदकिशोर मेहता, बीना मेहता, किरण मेहता, संगीता देवी, मुखिया प्रतिनिधि चंदन मेहता, राकेश कुमार, रविशंकर उर्फ भोला, कुशलचंद मेहता, विजय राम, भाजपा नेता दिलिप मेहता समेत अन्य मौजूद थे।
