निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । झारखण्ड मुक्ति मोर्चा ने पूर्व मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को हाई कोर्ट से जमानत मिलने पर खुशी मनाई है और आज संध्या जामताड़ा नगर में रैली निकाली। बताते चलें कि लगभग पांच महीने बाद हेमंत सोरेन जेल से बाहर निकलें हैं। शुक्रवार सुबह जमीन घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हाईकोर्ट से उन्हें जमानत मिली है। पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जमानत पर छूटने की खबर से जामताड़ा जिला के झारखंड मुक्ति मोर्चा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है। जिले के विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की है।
वहीं इंद्रा चौक पहुँच कर कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता सागिर खान ने इसे न्याय की जीत बताया है। उन्होंने आगे कहा कि आज जे एम एम के लिए ऐतिहासिक दिन है। राजनीतिक षड्यंत्र के तहत पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जमीन घोटाले एवं मनी लांड्रिंग के तहत फंसाया गया था लेकिन पार्टी एवं झारखंड की जनता तथा परिवार वालों को न्यायालय पर पूरा विश्वास था। इसी का परिणाम है कि आज उन्हें जमानत मिली है और वह जेल से बाहर आ गए हैं। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है। एक समय वह भी आएगा जब अदालत से इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बाइज्जत बरी होंगे।
वहीं पार्टी उपाध्यक्ष रविन्द्र नाथ दुबे ने कहा कि हेमंत सोरेन का जेल से बाहर आना कार्यकर्ताओं में एक नई ऊर्जा भरने का काम किया है। उन्होंने अदालत के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह न्याय की जीत हुई है।
