धनबाद । सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 11-17 जनवरी 2023 तक स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को रन फॉर सेफ्टी का आयोजन किया गया। जो शहर के सिटी सेंटर से बेकार बाँध, डीआरएम चौक, रणधीर वर्मा चौक से गुजरते हुए सिटी सेंटर के समीप चौक पहुंचा।
रन फॉर सेफ्टी में जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश कुमार सिंह समेत ग्रामीण एसपी रेष्मा रमेशन, अनुमंडल पदाधिकारी प्रेम कुमार तिवारी, ट्रैफिक डीएसपी राजेश कुमार सहित जिले के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
मौके पर ग्रामीण एसपी रेष्मा रमेशन ने बताया कि यातायात को सामान्य रखने तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत रन फॉर सेफ्टी तथा अन्य कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को ट्रैफिक के प्रति जागरूक करने का अभियान चलाया जा रहा है।
इस दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि यातायात के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा। साथ ही बगैर हेलमेट, बिना सीट बेल्ट वाले वाहन चालकों के प्रति सख्ती बरती जायेगी। वहीं ओवरलोड, ओवर हाइट तथा दूसरे राज्यों के वाहनों का बिना टैक्स परिचालन करने वालों पर भी नजर रखा जाएगा।
