जोरापोखर। भूलन बरारी से डिगवाडीह को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा ओबी गिराकर बंद कर दिए जाने के विरोध में चल रहा ग्रामीणों का आंदोलन गुरुवार को समाप्त हो गया। श्रमिक नेता सबूर गोराई, पार्षद अलीम अंसारी, अनिल बाउरी और सद्दाम हुसैन की पहल पर तथा जोड़ापोखर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता की मौजूदगी में सड़क से ओबी हटा दिया गया। सड़क से ओबी हटते ही आवागमन सुचारू रूप से शुरू हो गया। बताया जाता है कि पांच दिन पहले आउटसोर्सिंग प्रबंधन ने परियोजना विस्तारीकरण के नाम पर भूलन बरारी-डिगवाडीह मुख्य सड़क पर भारी मात्रा में ओबी गिराकर रास्ता बंद कर दिया था। मुख्य सड़क बंद होने से स्थानीय ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और काम पर जाने वाले मजदूरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क बंद होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने पार्षद अलीम अंसारी और श्रमिक नेता सबूर गोराई के नेतृत्व में आंदोलन शुरू कर दिया था, जिसके कारण प्रबंधन और ग्रामीणों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने हस्तक्षेप किया। थाना प्रभारी के निर्देश पर प्रबंधन और आंदोलनकारी नेताओं के बीच वार्ता हुई। इसके बाद देवप्रभा आउटसोर्सिंग परियोजना के निदेशक कुंभनाथ सिंह के निर्देश पर दुर्गा पूजा पर्व को देखते हुए जेसीबी मशीन लगाकर सड़क से ओबी हटाया गया और आवागमन बहाल किया गया।
