धनबाद । झरिया थाना क्षेत्र के बस्तकोला स्थित शांति कमर्शियल कंपनी के बंद पड़े गोदाम में मंगलवार शाम एक अज्ञात शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत इतनी खराब थी कि उसकी पहचान नहीं हो सकी है। जानकारी के अनुसार, यह गोदाम जुलाई 2024 से बंद था। हालांकि, जनवरी 2025 में इसे एक बार खोला गया था, उसके बाद से लगातार बंद पड़ा था। मंगलवार की शाम कंपनी के कर्मचारी पवन अग्रवाल कागजात लेने के लिए गोदाम पहुंचे थे। दरवाजा खोलकर अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि गोदाम के एक हिस्से में अज्ञात शव पड़ा है। इसकी सूचना तुरंत झरिया पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) भेज दिया। शव को पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखा गया है।कर्मचारी पवन अग्रवाल ने बताया कि शव देखकर ऐसा लग रहा है कि वह व्यक्ति चोरी के इरादे से गोदाम में घुसा होगा और किसी कारणवश उसकी मौत हो गई। शव का शरीर पूरी तरह विकृत हो चुका है, जिससे पहचान संभव नहीं है। वहीं, झरिया थाना प्रभारी शशि रंजन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला चोरी के इरादे से गोदाम में घुसने और गिरने से मौत का प्रतीत होता है। हालांकि, वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *