निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । बीते 4 सालों से केंद्र सरकार के द्वारा आजादी के शुभ अवसर पर हर घर तिरंगा कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी के निमित्त इस वर्ष भी आजादी के अमृत महोत्सव अवसर पर तीन दिवसीय हर घर तिरंगा कार्यक्रम को लेकर भारतीय जनता पार्टी पूरे जोर सोर से तैयारी कर रही है। शुक्रवार को परिसदन में भाजपा नेत्री सीता सोरेन ने प्रेस वार्ता का आयोजन कर इस आशय की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर को देशभर में राष्ट्रभक्ति के त्यौहार के रूप में मान रही है। दुमका से रांची जाने के क्रम में मैं भी जगह-जगह पर रूक कर हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तैयारी का जायजा ले रही हूं। जामताड़ा में इस कार्यक्रम के संयोजक हरिमोहन मिश्रा, जिला अध्यक्ष सुमित शरण के नेतृत्व में इस कार्यक्रम को लेकर बेहतर तैयारी की जा रही है। सीता सोरेन ने कहा कि झारखंड विधानसभा का चुनाव जल्द होने वाला है और इस बार भारतीय जनता पार्टी पूरे राज्य में सरकार बनाएगी। हम सभी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्णय का इंतजार कर रहे हैं। अभी प्रत्याशियों की घोषणा नहीं हुई है पर हमारे कार्यकर्ता बूथ से लेकर जिला तक जोर-शोर से तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार हर वर्ग के लिए नकारा साबित हुई है। हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही झारखंड की वर्तमान सरकार लोगों को ठगने का काम कर रही है। महिला सम्मान की बात कह कर मईयांं योजना के तहत झारखंड की भोली भाली महिलाओं को गुमराह किया जा रहा है। खेती-बाड़ी के इस मौसम में लाखों महिलाएं काम धाम छोड़कर लाइन में लगी हुई है। चुनाव के निमित्त हेमंत सरकार महिलाओं को सॉफ्ट टारगेट समझ कर उन्हें ठगने का काम कर रही है। महीने में एक हजार और साल में 12 हजार का लालच देकर वोट हासिल करने की यह नीति झारखंड के लोग अच्छी तरह समझ रहे हैं और इसका परिणाम भी उन्हें बहुत जल्दी दिखने लगेगा। इस मौके पर उपस्थित जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने कार्यक्रम की तैयारी को लेकर जानकारी दी। बताया कि सभी मंडलों में लगातार कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारी चल रही है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम के संयोजक हरिमोहन मिश्रा जी को बनाया गया है और उनके नेतृत्व में जिलेभर में यह कार्यक्रम पूरी तरह सफल रहेगा । इस मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष सोमनाथ सिंह, मुरारी भूषण सिंह, नवनियुक्त जिला महामंत्री मितेश शाह,, कुणाल सिंह सहित दर्जनों की संख्या में अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *