निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बागडेहरी थाना में कार्यरत चौकीदार शरद गोप को गिरफ्तार किया है। वह कुंडहित प्रखंड के मुड़ाबेड़िया गांव का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, शरद गोप के खिलाफ निर्धारित आय के मुकाबले अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत एसीबी को मिली थी। शिकायत के आधार पर एसीबी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसी सिलसिले में 16 सितंबर 2025 को एसीबी की टीम बागडेहरी थाना क्षेत्र के मुड़ाबेड़िया गांव पहुंची थी और चौकीदार से संबंधित संपत्ति की जांच-पड़ताल की थी। जांच के दौरान टीम ने उसकी संपत्ति, आय के स्रोत और अन्य संबंधित पहलुओं की जानकारी जुटाई। इसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए एसीबी ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि इस मामले में एसीबी कांड संख्या 3/25 दर्ज है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। संपत्ति के वास्तविक मूल्य और आय के स्रोत से संबंधित विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की संभावना है।
