निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला कमेटी जामताड़ा द्वारा स्थानीय दुमका रोड स्थित पार्टी कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष रविंद्र नाथ दुबे ने की। इस बैठक में पार्टी संगठन को मजबूत करने, आगामी 2 फरवरी को दुमका में आयोजित होने वाले स्थापना दिवस कार्यक्रम की तैयारी और सदस्यता अभियान पर गहन विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान सभी उपस्थित नेताओं ने अपने विचार रखे और पार्टी की आगामी योजनाओं पर चर्चा की। पार्टी के जिला उपाध्यक्ष रविंद्र नाथ दुबे ने कहा कि स्थापना दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी मेहनत और समर्पण के साथ जुटने की आवश्यकता है। उन्होंने इस अवसर पर पार्टी संगठन को और सशक्त बनाने के लिए सदस्यता अभियान को तेज करने पर जोर दिया। साथ ही, पार्टी के विभिन्न कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेदारी निभाने और पार्टी के सिद्धांतों का प्रचार-प्रसार करने के लिए प्रेरित किया।

बैठक में प्रमुख नेताओं ने पार्टी के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा के आदर्शों और पार्टी के द्वारा किए गए संघर्षों को याद किया। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव और पार्टी के विस्तार को लेकर रणनीतियों पर भी विचार विमर्श किया। मौके पर झामुमो के प्रमुख नेता अशोक मंडल, आनंद टुडू, प्रोफेसर कैलाश प्रसाद साव, परेश यादव, असित मंडल, सगीर खान, प्रदीप मंडल, नरेंद्र मुर्मू, वासुदेव मरांडी, अनीता टुडू, देवीसन हांसदा, मेरी मरांडी, अशोक महतो, हीरालाल सोरेन सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे। बैठक के अंत में सभी नेताओं ने एकजुट होकर पार्टी की शक्ति को बढ़ाने और आने वाले चुनावों में पार्टी को विजयी बनाने का संकल्प लिया। इस बैठक के दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा के सिद्धांतों को मजबूती से प्रचारित करने और संगठन को गांव-गांव, घर-घर तक पहुंचाने के लिए रणनीतियों पर भी विचार किया गया। पार्टी नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि पार्टी के सदस्यता अभियान को गति देने और झामुमो के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय रूप से जुटाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *