निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री सह भाजपा महिला मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष बबीता झा ने बुधवार को कोर्ट रोड शिवधाम स्थित अपने आवास पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करते हुए झारखंड सरकार के बजट पर कड़ा प्रहार किया। उनका कहना है कि यह बजट केवल मंत्रियों के हितों को ध्यान में रखकर बनाया गया है, जबकि जामताड़ा जिले जिसमें दो विधानसभा क्षेत्र हैं इस बजट में विकास की कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही। प्रदेश उपाध्यक्ष बबीता झा ने बताया कि जामताड़ा जिले में विकास की ठोस योजनाएं न होते हुए भी, झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री जैसे उच्च पदस्थ व्यक्तित्व मौजूद हैं। उन्होंने कहा यदि अब जिले का विकास नहीं हुआ तो इस बजट का क्या मायने है। यह बात राज्य में मौजूदा विकास की गति पर गंभीर सवाल उठाती है।
इसके अलावा बबीता झा ने मैया सम्मान योजना पर भी कड़ी टिपण्णी करते हुए कहा कि हेमंत सरकार ने राज्य की महिलाओं के साथ किए गए वादों को पूरा नहीं किया है। उन्होंने बताया कि कई महीनों से विकलांग, विधवा और वृद्धा पेंशन में राज्य के महिलाओं को नहीं मिल रही है, जिससे राज्य की महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही, राज्य कर्मी सेविका, सहायिका और जल सहिया जैसी श्रमजनक सेवाओं में लगे लोगों को उनकी मेहनत के अनुसार मानदेय नहीं दिए जाने से उनहे घर चलने में भी काफी बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं। बबीता झा के इन तिखे बयानों से सवाल उठता है कि क्या झारखंड सरकार वाकई जनता की भलाई के लिए बजट बना रही है या फिर सत्ता में बने रहने के लिए अपने मंत्रियों को ही लाभ पहुंचा रही है। इस मुद्दे पर आने वाले दिनों में सरकार की प्रतिक्रिया और आगामी योजनाओं पर नज़र रखना महत्वपूर्ण होगा। मौके पर भाजपा महिला मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रूप सिंह, प्रदेश मंत्री अर्चना सिंह, कार्य समिति सदस्य गीता देवी उपस्थित थे।